नवरात्रि में अहमदाबाद की सड़कों पर नजर डालिए। कोई गरबा खेलने के लिए चनिया चोली खरीद रहा है, कोई आखिरी समय पर डांडिया ढूंढ रहा है, तो कोई गरबा से लौटकर खाने के लिए कुछ तलाश रहा है। दूसरी तरफ, सोसायटी के आयोजक सजावट के लिए परेशान हैं और दुकानदार अपने ऑफर ज्यादा लोगों तक पहुंचाना चाहते हैं।
अब जरा सोचिए। इन सभी लोगों की जरूरतें अलग-अलग हैं, लेकिन एक बात समान है—वे अपनी जरूरत पूरी करने के लिए पैसे खर्च करने को तैयार हैं।
यही नवरात्रि में बिजनेस शुरू करने का मौका है। आपको कोई बड़ा कारोबार खड़ा करने की जरूरत नहीं। अगर आप लोगों की ऐसी जरूरत पहचान लें, जिसे आप सही कीमत पर पूरा कर सकें, तो एक छोटा seasonal Business भी शुरू किया जा सकता है।
आइए, ऐसे पांच बिजनेस आइडिया देखते हैं जिनमें से कुछ के लिए सामान चाहिए, जबकि कुछ Service Based है।
Garba Costume Rental: कपड़े खरीदने के बजाय किराये पर देने का काम
नवरात्रि में बहुत से लोग हर रात अलग दिखना चाहते हैं। लेकिन हर रात के लिए नया चनिया चोली या केडिया खरीदना महंगा पड़ सकता है। यही वजह है कि गरबा के कपड़े किराये पर देने का काम एक अच्छा विकल्प बन सकता है।
शुरुआत में बहुत सारे कपड़े खरीदने के बजाय 10–15 अच्छे डिजाइन चुनें। अलग-अलग आकार रखें और उनके साथ आभूषण या दूसरी मैचिंग चीजें भी उपलब्ध कराएं। Instagram और WhatsApp पर तस्वीरें डालकर बुकिंग ली जा सकती है।
मान लीजिए आपने एक पोशाक ₹3,000 में खरीदी और उसे हर बार ₹600 किराये पर दिया। पांच बार किराये पर जाने पर ₹3,000 की रकम वापस आ सकती है। लेकिन यह पूरा मुनाफा नहीं है। धुलाई, मरम्मत और दूसरे खर्च भी निकालने होंगे।
अगर इतना पैसा लगाने का बजट नहीं है, तो किसी स्थानीय बुटीक के साथ साझेदारी करें। आप ग्राहक लाएं और बुटीक कपड़े दे। शुरुआत से पहले किराये, जमानत राशि और कपड़े वापस करने के नियम तय कर लें।
Navratri Food Business: पहले ऑर्डर लें, फिर खाना बनाएं
नवरात्रि में हर किसी के पास गरबा जाने से पहले खाना बनाने का समय नहीं होता। कुछ लोगों को व्रत का खाना चाहिए, तो कुछ परिवार बाहर जाने से पहले हल्का भोजन मंगाना पसंद कर सकते हैं।
ऐसे में घर से खाना बनाकर ऑर्डर के हिसाब से बेचने का काम शुरू किया जा सकता है। शुरुआत में पूरे शहर में डिलीवरी करने के बजाय अपनी सोसायटी या आसपास के इलाके पर ध्यान दें।
उदाहरण के लिए, आप एक व्रत की थाली और एक हल्के खाने का कॉम्बो रख सकते हैं। शाम तक ऑर्डर लेकर उसी हिसाब से खाना बनाएं। इससे जरूरत से ज्यादा खाना तैयार करने और बर्बाद होने का खतरा कम होगा।
लेकिन ऑर्डर मिलना ही काफी नहीं है। हर थाली की लागत निकालें। उसमें सामग्री, पैकिंग, गैस और डिलीवरी का खर्च जोड़ें। फिर कीमत तय करें। खाना बेचने से पहले जरूरी खाद्य सुरक्षा नियमों और लाइसेंस की जानकारी भी ले लें।
इस काम में कमाई का आधार ज्यादा ऑर्डर नहीं, बल्कि हर ऑर्डर पर सही बचत और समय पर अच्छी गुणवत्ता वाला खाना देना है।
नवरात्रि में फूल और मालाएं बेचने का बिजनेस
नवरात्रि में मंदिरों और पूजा के लिए फूलों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में आप ताजे फूल और मालाएं बेचकर कमाई कर सकते हैं। शुरुआत में ज्यादा सामान खरीदने के बजाय उतने ही फूल लें, जितने बिकने की उम्मीद हो, क्योंकि बचे हुए फूल जल्दी खराब हो सकते हैं।
फूल खरीदने के लिए आप स्थानीय फूल विक्रेता या सीधे किसानों से संपर्क कर सकते हैं। किसान से फूल लेने पर कीमत कम पड़ सकती है, लेकिन पहले उनकी ताजगी, उपलब्धता और रोजाना सप्लाई की जांच जरूर करें। आप गुलाब, गेंदे और दूसरे पूजा में इस्तेमाल होने वाले फूलों की मालाएं बनाकर बेच सकते हैं।
स्टॉल लगाने के लिए मंदिर, पूजा स्थल या गरबा आयोजन के पास ऐसी जगह चुनें, जहां लोगों की आवाजाही अच्छी हो। जगह की अनुमति लेना न भूलें। साथ ही, फूल खरीदने, माला बनाने और आने-जाने का खर्च निकालकर ही अपनी कीमत तय करें, ताकि बिक्री के बाद असली मुनाफा पता चल सके।
Garba Decoration: छोटी सोसायटी से शुरुआत करें
नवरात्रि में हर आयोजन बड़ा नहीं होता। कई सोसायटियों, दुकानों और छोटे कार्यक्रमों में गेट, मंच या फोटो खिंचवाने की जगह सजाने की जरूरत होती है। हर आयोजक के पास खुद सजावट करने का समय या सामान नहीं होता।
आप इस जरूरत को पूरा कर सकते हैं। शुरुआत में पूरा सामान खरीदने के बजाय कुछ जरूरी चीजें रखें और बाकी सामान स्थानीय सप्लायर से किराये पर लें।
काम मिलने पर सिर्फ सजावट का खर्च न जोड़ें। सामान लाने-ले जाने, मजदूरी, लगाने और उतारने में लगने वाला समय भी कीमत में शामिल करें। वरना काम तो मिल जाएगा, लेकिन कमाई उम्मीद से कम रह सकती है।
शुरुआत में दो-तीन छोटे कार्यक्रम करें और उनकी अच्छी तस्वीरें संभालकर रखें। अगला ग्राहक मिलने पर इन्हीं तस्वीरों से अपना काम दिखा सकेंगे।
इस बिजनेस में सबसे जरूरी बात है कि ग्राहक से पहले ही तय कर लें कि सजावट में क्या-क्या शामिल होगा और अतिरिक्त काम का कितना पैसा लगेगा।
Local Businesses के लिए Social Media का काम
इस आइडिया में कपड़े, खाना या सजावट का सामान खरीदने की जरूरत नहीं है। अगर आपको मोबाइल पर डिजाइन बनाना, छोटी वीडियो तैयार करना या पोस्ट बनाना आता है, तो आप स्थानीय दुकानों के लिए काम कर सकते हैं।
नवरात्रि में कपड़ों की दुकानों, ज्वेलरी शॉप, रेस्टोरेंट और गरबा आयोजकों को अपने ऑफर का प्रचार करना होता है। लेकिन हर दुकानदार खुद पोस्ट और वीडियो बनाने में समय नहीं लगा सकता।
आप पहले किसी दुकान के लिए दो-तीन अच्छे नमूने तैयार करें। फिर आसपास की दुकानों को दिखाएं कि उनके ऑफर को किस तरह पेश किया जा सकता है। शुरुआत में ही बड़ी रकम मांगने के बजाय एक छोटा पैकेज दें, जैसे कुछ पोस्ट, दो-तीन रील और WhatsApp पर भेजने के लिए प्रचार सामग्री।
एक बात ध्यान रखें: दुकानदार को सिर्फ सुंदर डिजाइन नहीं चाहिए। उसे ऐसे डिजाइन चाहिए जिनसे लोगों को उसका ऑफर समझ आए और खरीदने या पूछताछ करने में रुचि हो।
अगर नवरात्रि में आपका काम पसंद आया, तो वही दुकानदार दिवाली और दूसरे त्योहारों पर भी आपसे काम करवा सकता है। इस तरह एक मौसमी ग्राहक आगे चलकर नियमित ग्राहक बन सकता है।
Garba Accessories: छोटी खरीदारी से कमाई का मौका
हर व्यक्ति गरबा के लिए नया कपड़ा खरीदे या न खरीदे, लेकिन डांडिया, चूड़ियां, बिंदी, आभूषण और बालों की सजावट जैसी चीजें तो अवश्य खरीदता है। इनमें से कई चीजें लोग बाजार में देखकर तुरंत खरीद लेते हैं।
आप इन चीजों को बेचने का काम छोटी मात्रा से शुरू कर सकते हैं। लेकिन सामान खरीदने से पहले यह पता लगाएं कि आपके इलाके में कौन-सी चीजें ज्यादा बिकती हैं और आसपास पहले से कितने विक्रेता मौजूद हैं।
सामान को एक टेबल पर खने के बजाय अलग-अलग श्रेणियों में सजाएं और हर चीज की कीमत साफ लिखें। छोटी-छोटी चीजों के कॉम्बो भी बना सकते हैं, जैसे चूड़ियां, बिंदी और आभूषण का सेट।
सबसे जरूरी बात यह है कि शुरुआत में बहुत ज्यादा स्टॉक न खरीदें। त्योहार खत्म होने के बाद बचा हुआ सामान आपकी रकम रोक सकता है। पहले कम मात्रा में बेचकर देखें और जो चीज अच्छी बिके, उसी का स्टॉक बढ़ाएं। संभव हो तो ऐसे सप्लायर से बात करें जो बिना बिका सामान वापस लेने को तैयार हो।
ध्यान रहे, बिक्री के लिए सही जगह चुनना भी जरूरी है। किसी भी गरबा मैदान या कार्यक्रम के पास स्टॉल लगाने से पहले वहां के आयोजक या संबंधित प्राधिकरण से अनुमति और खर्च की जानकारी जरूर लें।
नवरात्रि में पूजा सामग्री बेचने का बिजनेस
नवरात्रि में लोग पूजा के लिए नारियल, अगरबत्ती, दीये, कपूर और हवन सामग्री जैसी चीजें खरीदते हैं। ऐसे में आप पूजा सामग्री बेचने का बिजनेस शुरू कर सकते हैं। इसकी खास बात यह है कि शुरुआत में आप थोड़े से सामान से भी काम शुरू कर सकते हैं और बिक्री के हिसाब से धीरे-धीरे सामान बढ़ा सकते हैं।
सामान खरीदने के लिए अपने शहर के थोक विक्रेताओं से संपर्क करें और अलग-अलग दुकानों की कीमतों की तुलना करें। ऑनलाइन भी कीमतें देख सकते हैं, लेकिन सिर्फ डिस्काउंट देखकर ऑर्डर न करें। डिलीवरी चार्ज और सामान की गुणवत्ता जोड़ने के बाद ही तय करें कि कहां से खरीदना फायदेमंद रहेगा।
शुरुआत में पूजा की जरूरी चीजों के छोटे पैकेट बनाकर भी बेच सकते हैं, ताकि ग्राहकों को हर सामान अलग-अलग न खरीदना पड़े। दुकान या स्टॉल के लिए मंदिर, पूजा स्थल या गरबा आयोजन के पास ऐसी जगह चुनें, जहां लोगों का आना-जाना ज्यादा हो। वहां सामान बेचने की अनुमति लेना भी जरूरी है।
इस बिजनेस की एक और अच्छी बात यह है कि इसकी मांग सिर्फ नवरात्रि तक सीमित नहीं रहती। सालभर पूजा-पाठ और दूसरे त्योहारों पर भी पूजा सामग्री बिकती है। इसलिए सही जगह, उचित कीमत और सामान की नियमित बिक्री पर ध्यान देकर आप इसे लंबे समय तक चलने वाला बिजनेस बना सकते हैं।
दशहरे पर फाफड़ा-जलेबी बेचने का बिजनेस
गुजरात में दशहरे के दिन फाफड़ा-जलेबी की अच्छी मांग रहती है। आप सिर्फ एक दिन के लिए भी यह बिजनेस शुरू कर सकते हैं। इसके लिए किसी हलवाई से थोक में सामान देने की बात करें और दशहरे से पहले ही आसपास की सोसायटियों में ऑर्डर लेना शुरू कर दें।
कमाई बढ़ाने का तरीका: पहले से मिले ऑर्डर के हिसाब से सामान तैयार करवाएं और स्टॉल पर बेचने के लिए थोड़ी अतिरिक्त मात्रा रखें। इससे बिना बिके सामान का जोखिम कम होगा। बस, फाफड़ा-जलेबी की खरीद, पैकिंग, मजदूरी और स्टॉल का खर्च निकालकर ही अपना मुनाफा तय करें।
कौन-सा Navratri Business आपके लिए सही रहेगा?
इन सातों में से सबसे अच्छा बिजनेस वही होगा जिसे आप अपने अनुभव के हिसाब से संभाल सकें।
अगर आपके पास कपड़े खरीदने का बजट और ग्राहकों तक पहुंच है, तो कपड़े किराये का काम देख सकते हैं। खाना बनाने और समय पर पहुंचाने की व्यवस्था है, तो फूड बिजनेस आजमा सकते हैं। सजावट का अनुभव है, तो छोटे कार्यक्रमों से शुरुआत कर सकते हो।
अगर शॉप खोलकर बिजनेस करना है तो फ्लावर या पुजा सामग्री का कर सकते है और अगर आपके पास सिर्फ मोबाइल, थोड़ी रचनात्मकता और सीखने का समय है, तो दुकानों के लिए प्रचार सामग्री बनाने का काम एक विकल्प हो सकता है।
शुरुआत करने से पहले तीन बातों का हिसाब जरूर लगाएं: ग्राहक कौन होगा, वह आपसे क्यों खरीदेगा और सारे खर्च निकालने के बाद कितना पैसा बचेगा।
हर बिजनेस के लिए ₹5,000 या ₹10,000 पर्याप्त हों, यह जरूरी नहीं है। इसलिए पहले छोटे स्तर पर मांग जांचें। उदाहरण के लिए, कपड़े खरीदने से पहले बुकिंग की रुचि पता करें, खाने के लिए पहले ऑर्डर लें या दुकानदारों को नमूने दिखाकर ग्राहक बनाने की कोशिश करें।
याद रखिए, नवरात्रि में बिजनेस शुरू करने के लिए सबसे जरूरी चीज बड़ा बजट नहीं, बल्कि सही जरूरत पहचानना है। लोग किस चीज के लिए परेशान हैं और उस परेशानी को दूर करने के लिए कितना पैसा खर्च कर सकते हैं—यहीं से एक अच्छे Navratri Business की शुरुआत होती है।
